मिशन इम्पॉसिबल : फॉल आऊट

हॉलीवुड फिल्मों के सफलता के गैरेंटर बनते भारतीय दर्शक 
****
आज की फिल्म  - मिशन इम्पॉसिबल : फॉल आऊट
जॉनर- एक्शन स्पाई 
राइटर एंड डायरेक्टर - क्रिस्टोफर मैक्वेरी 
प्रोडक्शन कम्पनी- बैड रोबोट 
डिस्ट्रब्युटर- पैरामाउंट पिक्चर्स
मूवी लेंथ- 147 मिनट 
रेटिंग - फाइव स्टार 
कॉस्ट एंड क्रू - टॉम क्रूज (एथन हंट), रेबेका फग्र्युसन (इलसा), वानेसा किर्बी (व्हाइट विडो), शॉन हैरिस (सोलोमन लेन), मिशेल मोनागन (जुलिया), सिमोन पेग्ग (बेंजी) और विंग रहामेज (लुथर स्टीकेल),हेनरी कैविल (वॉकर), एंजेला बैसेट (एरिका) इत्यादि। 
****


बीते शुक्रवार को रिलीज हुई हॉलीवुड अभिनेता टॉम क्रुज की फिल्म मिशन इम्पॉसिबल 6 : फॉल आऊट यानी एमआई 6 ने बॉलीवुड की दो फिल्मों जाह्नवी कपूर स्टारर धड़क और संजय दत्त की साहब, बीवी और गैंगस्टर 3 की लोकप्रियता को कम करते हुए अपने रिलीज के तीसरे दिन ही 39 करोड़ रुपये से भी अधिक का कारोबार करके यह बता दिया है कि हॉलीवुड की फिल्मों की सफलता और कमाई के गैंरेटर अब भारतीय दर्शक भी हैं। हाल के कुछ वर्षों में हॉलीवुड फिल्मों ने भारतीय मल्टीप्लेक्सों में जिस तरह से ताबड़तोड़ कमाई की है उसे देखकर संभावना जताई जा सकती है कि आनेवाले वर्षों में हॉलीवुड की फिल्में यूरोपीय देशों के साथ-साथ भारत में एक साथ रिलीज और प्रदर्शित होंगी। एमआई 6 अमेरिकन टीवी प्रोड्यूसर और राइटर ब्रूस गेलर के टेलीविजन सीरिज मिशनः इम्पॉसिबल से प्रेरित है।  

12 जुलाई को मिशन इम्पॉसिबल का पेरिस में फस्र्ट प्रीमियर हुआ। 25 जुलाई को इंडोनेशिया व आयरलैंड जैसे देशों में प्रदर्शित हुई। वहीं अमेरिका और भारत में यह फिल्म 27 जुलाई को प्रदर्शित हुई है। फिल्मों व टेलीविजन के आलोचकों की प्रसिद्ध अंग्रेजी वेबसाइट रॉटन टौमेटोज के टौमेटोमीटर में 98 प्रतिशत के साथ टॉम क्रूज की यह फिल्म ‘टॉप बॉक्स आॅफिस’ के पहले पायदान पर है। गौरतलब है कि एमआई सीरिज की पहली फिल्म सन् 1996 में आई थी फिर 2000 में दूसरी और साल 2006 में तीसरी और साल 2011 में एमआई- घोस्ट प्रोटोकॉल उसके बाद एमआई- रफ नेशन। यह एमआई सीरिज की छठी फिल्म है। 

निर्माता कंपनी पैरामाउंट स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म में टॉम क्रूज ने एमआई सीरिज की अन्य फिल्मों की तरह ही सीक्रेट स्पाई (जासूस) ईथन हंट का किरदार निभाया है। फिल्म की कहानी तबाही या यूं कहें बर्बादी के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म का टैग डायलॉग- जितनी बड़ी तबाही होगी, उतनी ही अधिक शांति दुनिया में स्थापित होगी...दर्शकों को फिल्म देखने के बाद लम्बे समय तक याद रहने वाला है। इस डायलॉग के जरिये ”नाजी“ सोलोमन लेन की नाभिकीय हथियार “प्लूटोनियम बम” के जरिये विश्व के कई देशों में बम धमाके के जरिये तबाही फैलाने की बात कही गई है। इस प्लूटोनियम बम धमाके को रोकना ईथन हंट और उसकी टीम का मुख्य लक्ष्य होता है। अंततोगत्वा ईथन की टीम प्लूटोनियम के दो बमों के इम्प्लांट होने के बाद भी धमाकों को रोकने में कामयाब हो जाती है। यही फिल्म का सार है।

प्रमुख कलाकार के रूप में टॉम क्रूज (एथन हंट), रेबेका फग्र्युसन (इलसा), वानेसा किर्बी (व्हाइट विडो), शॉन हैरिस (सोलोमन लेन), मिशेल मोनागन (जुलिया), सिमोन पेग्ग (बेंजी) और विंग रहामेज (लुथर स्टीकेल) और साथ में हेनरी कैविल (वॉकर) हैं। मिशन इम्पॉसिबल सीरिज की यह छठी फिल्म अपने दमदार एक्शन दृश्यों के कारण अंत तक दर्शकों को बांधे रखती है।  हर एक दृश्य के बाद आगे कौन सा दृश्य होगा यह अंदाजा लगा पाना जरा कठिन है। कहीं-कहीं सिमोन पेग्ग अपने चुटीले अंदाज के जरिये मुसीबत में भी दर्शकों को हंसाने से नहीं चुकते। दर्शकों को टॉम क्रूज अपने पुराने सिग्नेचर स्टाईल जैसे- चलती प्लेन से कूदना और हेलीकॉप्टर के एक्शन सीन में आकर्षित करते हैं। दर्शकों के 98 प्रतिशत पसंद के साथ ही इस फिल्म की कहानी, एक्शन और अदाकारी सबकुछ बेहद सधा हुआ और मनोरंजक है। 

तो फिर जल्द से जल्द सिनेमाघर का रुख कीजिए और एक बार फिर अपने पसंददीदा क्रूज की फिल्म देख डालिये। कुछ क्षण के लिये ही सही आप एक्शन और जासूसी की दुनिया में गोते जरूर लगाएंगे। 
*******
लेखक एवं समीक्षकः शुभ्रा सिंह 

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

क्षणिकाएं...

मंज़िल